नागपुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह भीषण हादसा बुधवार देर रात बेलतरोडी थाना क्षेत्र के पूर्ति बाजार इलाके में हुआ।
मृतकों की पहचान विजय भगवान सावरकर (53) और उनकी पत्नी सुरेखा विजय सावरकर (48), निवासी हरिहर नगर, बेलतरोडी के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी कार चालक का नाम पंकज बालकृष्ण डेकाटे (47), निवासी न्यू नरसाला, हुडकेश्वर बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दंपति अपनी नातिन के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए खरबी रोड स्थित आराधना नगर गए थे। रात करीब 12:30 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेसा चौक से पुरुषोत्तम बाजार चौक के बीच मेडप्लस दुकान के सामने तेज रफ्तार किया सोनेट कार ने सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल दंपति को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज डेकाटे शराब के नशे में कार चला रहा था और इसी वजह से उसने नियंत्रण खो दिया। घटना के बाद उसे सुबह तड़के हिरासत में ले लिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के दामाद की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।